58 रन के कुल योग पर कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (39) समेत तीन विकेट गंवाने वाली डेक्कन चार्जर्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए थे।
सुमन ने 17 गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया है जबकि रोहित ने 23 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का जड़ा है। दोनों चौथे विकेट के लिए 44 रन जोड़ चुके हैं। इस मैदान पर चौथे विकेट की यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है।
तीसरे विकेट के रूप में पेवेलियन लौटने वाले गिलक्रिस्ट ने 35 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने यूसुफ पठान के हाथों कैच कराया।
इससे पहले डेक्कन ने अजहर बिलाखिया के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया था। बिलाखिया सिर्फ एक रन बनाकर शेन हारवुड की गेंद पर सिद्धार्थ त्रिवेदी के हाथों लपके गए।
डेक्कन का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स के रूप में गिरा। गिब्स को 34 रन के कुल योग पर यूसुफ पठान ने पगबाधा आउट किया। गिब्स अंपायर के इस फैसले से खुश नहीं थे।
आठ टीमों की तालिका में डेक्कन चार्जर्स आठ अंकों के साथ पहले स्थान पर है जबकि राजस्थान रॉयल्स पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
डेक्कन की टीम ने पांच मैचों में चार जीत दर्ज की है। डेक्कन को एक मैच में हार मिली है। डेक्कन को दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली की टीम के भी आठ अंक हैं लेकिन वह कुल रन रेट के मामले में डेक्कन से पीछे है। राजस्थान के हिस्से छह मैचों में सिर्फ दो जीत आई है। राजस्थान ने तीन मैच गंवाए हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।