डेक्कन चार्जर्स टीम ने अपने शानदार क्षेत्ररक्षण और बेहतरीन गेंदबाजी के बूते राजस्थान रॉयल्स को बैकफुट पर धकेल दिया। एल.ए. कार्लेलडाइन (39) के बाद वार्न और अभिषेक रावत (नाबाद 18) ने अपनी टीम को संभालने का भरपूर प्रयास किया।
अपनी 32 गेंदों की पारी में छह चौके की मदद से 39 रन बनाने वाले कार्लेलडाइन ने रवींद्र जडेजा (12) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। कार्लेलडाइन और जडेजा को वेणुगोपाल राव ने अपने एक ही ओवर में आउट किया।
दूसरी ओर, वार्न ने अपनी 17 गेंदों की पारी में दो छक्के लगाए और रावत के साथ छठे विकेट के लिए 36 रन जोड़े।
खबर लिखे जाने तक राजस्थान की टीम ने 15 ओवर में छह विकेट खोकर 96 रन बना लिए थे। यूसुफ पठान चार रन बनाकर खेल रहे थे जबकि रावत ने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 18 रन बनाए थे।
राजस्थान की टीम ने शुरुआती दो ओवरों में तीन रन के कुल योग पर ही सलामी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ (0), एस. ए. असनोदकर (0) और नमन ओझा (0) के विकेट गंवा दिए थे।
इससे पहले, कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (39), रोहित शर्मा (38) और टी.एस. सुमन (नाबाद 41) की बदौलत डेक्कन चार्जर्स टीम सम्मानजनक योग हासिल करने में सफल रही।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर पांच विकेट पर 141 रन बनाए। गिलक्रिस्ट ने अपनी 35 गेंदों की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि रोहित ने 32 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और इतने ही छक्के जड़े।
सुमन ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 30 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के लगाए। उन्होंने रोहित के साथ चौथे विकेट के लिए सात ओवरों में 59 रन जोड़े। हर्शेल गिब्स (8), अजहर बिलाखिया (1) और ड्वेन स्मिथ (7) ने निराश किया जबकि वेणुगोपाल राव खाता खोले बिना नाबाद लौटे।
राजस्थान की ओर से शेन हारवुड ने 25 रन देकर दो विकेट लिए जबकि सिद्धार्थ त्रिवेदी, यूसुफ पठान और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
आठ टीमों की तालिका में डेक्कन चार्जर्स आठ अंकों के साथ पहले स्थान पर है जबकि राजस्थान रॉयल्स पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। डेक्कन की टीम ने पांच मैचों में चार जीत दर्ज की है। डेक्कन को एक मैच में हार मिली है। डेक्कन को दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली की टीम के भी आठ अंक हैं लेकिन वह कुल रन रेट के मामले में डेक्कन से पीछे है। राजस्थान के हिस्से छह मैचों में सिर्फ दो जीत आई है। राजस्थान ने तीन मैच गंवाए हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।