डेक्कन चार्जर्स को छठे मैच में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है जबकि राजस्थान ने सातवां मैच खेलते हुए तीसरी जीत दर्ज की है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन चार्जर्स ने कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (39), रोहित शर्मा (38) और टी.एस. सुमन (नाबाद 41) की उम्दा बल्लेबाजी के बूते निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 141 रन बनाए।
गिलक्रिस्ट ने अपनी 35 गेंदों की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि रोहित ने 32 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और इतने ही छक्के जड़े। सुमन ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 30 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के लगाए। उन्होंने रोहित के साथ चौथे विकेट के लिए सात ओवरों में 59 रन जोड़े।
हर्शेल गिब्स (8), अजहर बिलाखिया (1) और ड्वेन स्मिथ (7) ने निराश किया जबकि वेणुगोपाल राव खाता खोले बिना नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से शेन हारवुड ने 25 रन देकर दो विकेट लिए जबकि सिद्धार्थ त्रिवेदी, यूसुफ पठान और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में खेलने उतरी राजस्थान रॉयल्स टीम ने 19.4 ओवरों में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राजस्थान की ओर से शानदार पारी खेलने वाले अभिषेक रावत 36 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि ली कार्सेलडाइन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए।
कप्तान वार्न ने 21 और यूसुफ पठान ने 24 रनों का योगदान दिया। एक समय राजस्थान की टीम ने 10 ओवर की समाप्ति तक मात्र 60 रन के कुल योग पर पांच विकेट गंवा दिए थे।
डेक्कन चार्जर्स ने अपने शानदार क्षेत्ररक्षण और बेहतरीन गेंदबाजी के बूते राजस्थान रॉयल्स को बैकफुट पर धकेल दिया था लेकिन अपनी 32 गेंदों की पारी में छह चौके की मदद से 39 रन बनाने वाले कार्लेलडाइन ने रवींद्र जडेजा (12) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को मुश्किलों से उबारने का काम किया।
कार्लेलडाइन और जडेजा को वेणुगोपाल राव ने अपने एक ही ओवर में आउट किया। इसके बाद वार्न ने रावत के साथ पारी को संवारा और छठे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। वार्न की रणनीति बिल्कुल सटीक बैठी। वह अपनी संक्षिप्त पारी के दौरान अपनी टीम को जीत की स्थिति में लाए और बाद का काम यूसुफ और रावत ने पूरा कर दिया।
यूसुफ ने 14 गेंदों की पारी में दो चौके और दो छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत हासिल करने की स्थिति में बनाए रखा। इसके बाद 23 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 36 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले रावत ने शेन हारवुड (नाबाद 3) के साथ अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी।
यह नहीं भूलना चाहिए कि राजस्थान की टीम ने शुरुआती दो ओवरों में तीन रन के कुल योग पर ही सलामी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ (0), एस. ए. असनोदकर (0) और नमन ओझा (0) के विकेट गंवा दिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*