दिल्ली की टीम को पहला झटका तब लगा जब उसके सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर मात्र 13 रन बनाकर संदीप त्यागी की गेंद पर सुरेश रैना के हाथों लपके गए। उनकी जगह आए अब्राहम डिविलियर्स को भी खाता खोलने से पहले ही त्यागी ने बोल्ड कर पेवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
खबर लिखे जाने तक डेविड वार्नर 21 और मिलकरत्ने दिलशान 2 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित बीस ओवर में 163 रन बनाए।
मुरली के साथ पारी की शुरुआत करने आए ह़ेडन ने 19 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रनों की तेज पारी खेली। उनका विकेट 46 रन के कुल योग पर गिरा। ह़ेडन के आउट होने के बाद सुरेश रैना और बद्रीनाथ ने पारी को संवारने की कोशिश की। रैना ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 21 गेंदों पर 32 रन बनाए। उन्हें आर. भाटिया ने दिलशान के हाथों झिलवाकर पेवेलियन लौटाया। बद्रीनाथ ने भी चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 34 गेंदों पर 45 रन बनाए। उन्हें भी भाटिया ने ही बोल्ड कर पेवेलियन की राह दिखाई।
रैना और बद्रीनाथ के बाद तो 'तू चल, मैं आया' की तर्ज पर सुपर किंग्स के विकेट गिरते गए। एल्बी मोर्केल (2), महेंद्रसिंह धौनी (6), जेकब ओरम (3), शादाब जकाती (13) लक्ष्मीपति बालाजी (2) और मुथैया मुरलीधरन (3)रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
इससे पहले, दिल्ली डेयर डेविल्स टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। नियमित कप्तान वीरेंद्र सहवाग की गैरमौजूदगी में गंभीर को टीम की कमान सौंपी गई है। सहवाग की अंगुली में चोट है।
आठ टीमों की तालिका में दिल्ली की टीम आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि सुपर किंग्स पांच अंकों के साथ सातवें स्थान खिसक गया है। दिल्ली की टीम ने पांच मैचों में चार जीत दर्ज की है। उसे एक मैच में हार मिली है।
डेक्कन की टीम के भी आठ अंक हैं लेकिन वह कुल रन रेट के मामले में दिल्ली से आगे है। सुपर किंग्स के हिस्से छह मैचों में सिर्फ दो जीत आई है, जबकि उसे तीन बार हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*