आईपीएल : सुपर किंग्स ने डेयर डेविल्स को 18 रनों से हराया (लीड-8)
स्थानीय वांडर्स क्रिकेट मैदान पर शनिवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 26वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने शादाब जकाती की घातक गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली डेयर डेविल्स को 18 रनों से हरा दिया।
जकाती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
चेन्नई सुपर किंग्स के 163 रनों की चुनौती का जवाब देने उतरी दिल्ली की टीम को पहला झटका तब लगा जब उसके सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर मात्र 13 रन बनाकर संदीप त्यागी की गेंद पर सुरेश रैना के हाथों लपके गए।
उनकी जगह आए अब्राहम डिविलियर्स को भी खाता खोलने से पहले ही त्यागी ने बोल्ड कर पेवेलियन का रास्ता दिखा दिया। उनकी जगह लेने आए तिलकरत्ने दिलशान 13 रन बनाकर शादाब जकाती की गेंद पर बोल्ड हा गए। डेविड वार्नर ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। वार्नर को जकाती की गेंद पर धौनी ने स्टंप आउट किया।
दिनेश कार्तिक सात चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए। उन्हें भी जकाती गेंद पर मुरलीधरन ने कैच किया। वार्नर और कार्तिक की जगह आए मिथुन मन्हास और पी. सांगवान भी खाता खोले बगैर ही क्रमश: मुरलीधरन और जकाती के शिकार बने। रजत भाटिया ने भी 2 रन बनाकर मोर्केल की गेंद पर बालाजी का कैच थमाकर पेवेलियन की राह पकड़ी।
अमित मिश्रा 11 और आशीष नेहरा बगैर कोई रन बनाए नॉट आउट रहे।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित बीस ओवर में 163 रन बनाए। मुरली के साथ पारी की शुरुआत करने आए ह़ेडन ने 19 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रनों की तेज पारी खेली। उनका विकेट 46 रन के कुल योग पर गिरा। ह़ेडन के आउट होने के बाद सुरेश रैना और बद्रीनाथ ने पारी को संवारने की कोशिश की। रैना ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 21 गेंदों पर 32 रन बनाए। उन्हें आर. भाटिया ने दिलशान के हाथों झिलवाकर पेवेलियन लौटाया। बद्रीनाथ ने भी चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 34 गेंदों पर 45 रन बनाए। उन्हें भी भाटिया ने ही बोल्ड कर पेवेलियन की राह दिखाई।
रैना और बद्रीनाथ के बाद तो 'तू चल, मैं आया' की तर्ज पर सुपर किंग्स के विकेट गिरते गए। एल्बी मोर्केल (2), महेंद्रसिंह धौनी (6), जेकब ओरम (3), शादाब जकाती (13) लक्ष्मीपति बालाजी (2) और मुथैया मुरलीधरन (3)रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
इससे पहले, दिल्ली डेयर डेविल्स टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। नियमित कप्तान वीरेंद्र सहवाग की गैरमौजूदगी में गंभीर को टीम की कमान सौंपी गई थी। सहवाग की अंगुली में चोट है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications