सेंट जार्ज्स पार्क के मैदान पर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने पारी के पहले ही ओवर में कुमार संगकारा का विकेट लेकर कोलकाता को पहली सफलता दिलाई। संगकारा अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे कि शर्मा की एक ऊंची उठती गेंद को पुल करने के चक्कर में वह अपना विकेट गवां बैठे। सन्नी सोहाल के साथ संगकारा ने पंजाब की पारी की शुरुआत की थी।
संगकारा के आउट होने के बाद साइमन कैटिच बल्लेबाजी करने आए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ईशांत की गेंद पर उन्हें एक जीवनदान मिला। क्रिस गेल ने पहली स्लीप पर उनका एक आसान कैच टपका दिया। पहले पांच ओवरों में कोलकाता के खिलाड़ियों ने बहुत ही खराब क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया। कोलकाता ने सोहाल का भी एक कैच टपकाया।
सोहाल और कैटिच ने तेजी से रन बटोरते हुए दूसरे विकेट के लिए अब तक 43 रन जोड़े हैं। खबर लिखे जाने तक सोहाल 16 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद 25 रन और कैटिच 11 गेंदों पर 17 रन बनाकर मैदान पर टिके हुए थे।
इससे पहले, ब्रैड हॉज की 43 गेंदों पर 70 रनों शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए।
नाइट राइडर्स के ब्रैड हॉज ने 10 चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक नाबाद 70 रन बनाए।
कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने टॉस जीता और सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ कोलकाता की पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए संभलकर खेलते हुए 23 रन बनाए। गेल के रूप में कोलकाता को पहला झटका लगा। तेजी से रन बनाने के चक्कर में युसूफ अब्दुल्ला की गेंद पर वह युवराज को एक आसान कैच थमा बैठे। उन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 17 रन बनाए।
गेल के आउट होने के बाद ब्रैड हॉज मैकलम का साथ देने आए। शुरुआत में उन्होंने धीमी बल्लेबाजी की लेकिन मैदान पर जम जाने के बाद अंतिम ओवरों में उन्होंने तेजी से रन बटोर और कोलकाता को 153 के सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाया।
मैच के 11वें ओवर में 54 रन के स्कोर पर कोलकाता को मैकलम के रूप में दूसरा झटका लगा। पीयूष चावला की गेंद पर विक्रमजीत मलिक ने उनका कैच लपका। मैकलम ने 31 गेंदों पर 19 रन बनाए। इसके बाद सौरव गांगुली हॉज का साथ देने मैदान में आए लेकिन 22 के निजी स्कोर पर वह भी चलते बने।
कोलकाता की ओर से गांगुली ने 22, कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने 19 और क्रिस गेल ने 17 रनों की पारी खेली। पंजाब की ओर से पीयूष चावला सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने कोलकाता के दो विकेट झटके। युसुफ अब्दुल्ला ने एक विकेट हासिल किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स का इस प्रतियोगिता में अब तक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। अब तक खेले गए सात मैचों में वह एक ही मैच जीत सकी है। नाइट राइडर्स की टीम मात्र तीन अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे यानी आठवें पायदान पर है जबकि पंजाब अब तक खेले छह मैचों में तीन मैच जीतकर छठे स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।