कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब को जीत के लिए 154 रनों का लक्ष्य दिया था। मैच की आखिरी गेंद पर इरफान पठान ने विजयी रन लेकर पंजाब को छह विकेट से जीत दिलाई। अंतिम ओवर में पंजाब को जीत के लिए सात रन बनाने थे, जो उसने ओवर की आखिरी गेंद पर पूरे कर लिए।
पंजाब की ओर से माहेला जयवर्धने ने 41 गेंदों पर 52 रनों की संयम भरी शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पठान ने उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। पठान ने 16 गेंदों पर 19 रन बनाए।
जयवर्धने और पठान के अलावा पंजाब की ओर से साइमन कैटिच ने 28 गेंदों पर 34 रनों की और सन्नी सोहाल ने तीन छक्कों की मदद से 17 गेंदों पर 25 रनों की पारी खेली।
कप्तान युवराज सिंह के रूप में पंजाब का आखिरी विकेट गिरा। ईशांत शर्मा की गेंद पर वह आउट हुए। इससे पहले उन्होंने 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाए।
तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने पारी के पहले ही ओवर में कुमार संगकारा का विकेट लेकर कोलकाता को पहली सफलता दिलाई। संगकारा अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे कि शर्मा की एक ऊंची उठती गेंद को पुल करने के चक्कर में वह अपना विकेट गवां बैठे। सन्नी सोहाल के साथ संगकारा ने पंजाब की पारी की शुरुआत की थी।
संगकारा के आउट होने के बाद साइमन कैटिच बल्लेबाजी करने आए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ईशांत की गेंद पर उन्हें एक जीवनदान मिला। क्रिस गेल ने पहली स्लीप पर उनका एक आसान कैच टपका दिया। कोलकाता के खिलाड़ियों ने बहुत ही खराब क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया। कोलकाता ने सोहाल का भी एक कैच टपकाया।
सोहाल और कैटिच ने तेजी से रन बटोरते हुए दूसरे विकेट के लिए अब तक 43 रन जोड़े। सोहाल 17 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद 25 रन बनाए। अजीत आगरकर की गेंद पर सौरव गांगुली ने उन्हें लपका।
पारी के 10वें ओवर में कैटिच के रूप में पंजाब का तीसरा विकेट गिरा। कैटिच ने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए। ब्रैड हॉज ने उन्हें आउट किया। तीसरे विकेट के लिए जयवर्धने के साथ उन्होंने 33 रन जोड़े।
इससे पहले, ब्रैड हॉज की 43 गेंदों पर 70 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए थे।
कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ कोलकाता की पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए संभलकर खेलते हुए 23 रन बनाए। गेल के रूप में कोलकाता को पहला झटका लगा। तेजी से रन बनाने के चक्कर में युसूफ अब्दुल्ला की गेंद पर वह युवराज को एक आसान कैच थमा बैठे। उन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 17 रन बनाए।
गेल के आउट होने के बाद ब्रैड हॉज मैकलम का साथ देने आए। शुरुआत में उन्होंने धीमी बल्लेबाजी की लेकिन मैदान पर जम जाने के बाद अंतिम ओवरों में उन्होंने तेजी से रन बटोर और कोलकाता को 153 के सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाया।
मैच के 11वें ओवर में 54 रन के स्कोर पर कोलकाता को मैकलम के रूप में दूसरा झटका लगा। पीयूष चावला की गेंद पर विक्रमजीत मलिक ने उनका कैच लपका। मैकलम ने 31 गेंदों पर 19 रन बनाए। इसके बाद सौरव गांगुली हॉज का साथ देने मैदान में आए लेकिन 22 के निजी स्कोर पर वह भी चलते बने।
कोलकाता की ओर से गांगुली ने 22, कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने 19 और क्रिस गेल ने 17 रनों की पारी खेली। पंजाब की ओर से पीयूष चावला सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने कोलकाता के दो विकेट झटके। युसुफ अब्दुल्ला ने एक विकेट हासिल किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स का इस प्रतियोगिता में अब तक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। अब तक खेले गए आठ मैचों में वह एक ही मैच जीत सकी है। नाइट राइडर्स की टीम मात्र तीन अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे यानी आठवें पायदान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*