सुपर किंग्स टीम ने पांच ओवर की समाप्ति तक बिना कोई विकेट खोए 45 रन बना लिए थे। मुरली विजय 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि मैथ्यू हेडन ने 16 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए थे।
इससे पहले, सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने आईपीएल के 29वें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
आठ टीमों की तालिका में डेक्कन चार्जर्स आठ अंकों के साथ पहले स्थान पर है जबकि सुपर किंग्स सात अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
डेक्कन चार्जर्स की टीम जहां अपना सातवां मैच खेल रही है वहीं सुपर किंग्स आठवां। डेक्कन की टीम ने छह में से चार जीत दर्ज की है। दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर, सुपर किंग्स ने अब तक सात मैच खेले हैं। उसे तीन में हार और तीन में जीत मिली है। उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बदले उसे एक अंक मिला था।
किंग्स इलेवन पंजाब, दिल्ली डेयर डेविल्स और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीमों के भी आठ-आठ अंक हैं लेकिन ये तीनों टीमों कुल रन रेट के मामले में डेक्कन चार्जर्स से पीछे हैं।
सुपर किंग्स की टीम के अलावा मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के भी सात-सात अंक हैं लेकिन सुपर किंग्स रन रेट के मामले में बेहतर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।