शुरुआती ओवर में अपने तीनों सलामी बल्लेबाजों एडम गिलक्रिस्ट, हर्सेल गिब्स और वी.वी.एस. लक्ष्मय का विकेट शून्य के स्कोर पर गंवा देने वाली डेक्कन चार्जर्स ने 5.1 ओवर में 40 रन बना लिए थे। गिलक्रिस्ट एल्बी मोर्केल की पहली गेंद पर पगबाधा आउट हुए जबकि हर्सेल गिब्स को दूसरे ओवर की पहली गेंद पर संदीप त्यागी ने बोल्ड किया। मोर्केल ने ही लक्ष्मण को तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शादाब जकाती के हाथों कैच करवाया।
समाचार लिखे जाने तक रोहित शर्मा (7) और ड्वेन स्मिथ (29) खेल रहे थे।
इससे पहले टॉस जीत पहले बल्लेबाजी चेन्नई सुपर किंग्स टीम के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए।
हेडन 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाने के बाद शोएब अहमद की गेंद पर रुद्र प्रताप सिंह के हाथों लपके गए, जबकि उनके साथ पारी की शुरुआत करने आए मुरली विजय 33 गेंदों पर 31 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान धौनी ने नाबाद 37 गेंदों पर 58 रनों की शानदार पारी खेली। सुरेश रैना 19 गेंदों पर 32 बनाकर आउट हुए। एल्बी मोर्केल ने पांच गेंदों पर नाबाद चार रन बनाए।
आठ टीमों की तालिका में डेक्कन चार्जर्स आठ अंकों के साथ पहले स्थान पर है जबकि सुपर किंग्स सात अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
डेक्कन चार्जर्स की टीम जहां अपना सातवां मैच खेल रही है वहीं सुपर किंग्स आठवां। डेक्कन की टीम ने छह में से चार जीत दर्ज की है। दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर, सुपर किंग्स ने अब तक सात मैच खेले हैं। उसे तीन में हार और तीन में जीत मिली है। उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बदले उसे एक अंक मिला था।
किंग्स इलेवन पंजाब, दिल्ली डेयर डेविल्स और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीमों के भी आठ-आठ अंक हैं लेकिन ये तीनों टीमों कुल रन रेट के मामले में डेक्कन चार्जर्स से पीछे हैं। सुपर किंग्स की टीम के अलावा मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के भी सात-सात अंक हैं लेकिन सुपर किंग्स रन रेट के मामले में बेहतर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।