खबर लिखे जाने तक सलामी बल्लेबाज नमन ओझा 37 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि ग्रीम स्मिथ ने 24 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 47 रन बनाए थे।
ओझा और स्मिथ की जोड़ी को तोड़ने के लिए पंजाब के कप्तान युवराज सिंह अब तक छह गेंदबाजों को आजमा चुके हैं लेकिन राजस्थान के इन बल्लेबाजों ने किसी की एक नहीं चलने दी।
इससे पहले, किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों के बीच यह दूसरा और आईपीएल के दूसरे संस्करण का 30वां मुकाबला है। इससे पहले 26 अप्रैल को केपटाउन में खेले गए मैच में पंजाब की टीम ने वार्न की टीम को 27 रनों से पराजित किया था।
अंकों के लिहाज से पंजाब की टीम चार जीत और तीन हार के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि राजस्थान की टीम सात अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। राजस्थान के हिस्से में सात मैचों में तीन जीत और तीन हार आई है। उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बदले उसे एक अंक मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।