स्मिथ ने अपनी 44 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का जड़ा। उनका विकेट रमेश पोवार के खाते में गया। स्मिथ ने अपना अर्धशतक मात्र 26 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से पूरा किया जबकि ओझा ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से अपने 50 रन पूरे किए।
खबर लिखे जाने तक ओझा 47 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि यूसुफ पठान एक रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों के बीच यह दूसरा और आईपीएल के दूसरे संस्करण का 30वां मुकाबला है। इससे पहले 26 अप्रैल को केपटाउन में खेले गए मैच में पंजाब की टीम ने वार्न की टीम को 27 रनों से पराजित किया था।
अंकों के लिहाज से पंजाब की टीम चार जीत और तीन हार के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि राजस्थान की टीम सात अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। राजस्थान के हिस्से में सात मैचों में तीन जीत और तीन हार आई है। उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बदले उसे एक अंक मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।