यह पहला मौका है, जब आईपीएल के दूसरे संस्करण में कोई टीम 200 रनों का योग पार करने में सफल हुई है। इससे पहले दिल्ली डेयर डेविल्स टीम ने 23 अप्रैल को डरबन में ही चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पांच विकेट पर 189 रन बनाए थे।
उस मैच में दिल्ली के बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स ने 105 रनों की शानदार पारी खेली थी। वह आईपीएल के दूसरे संस्करण में लगा अब तक का एकमात्र शतक है।
बहरहाल, राजस्थान की ओर से सलामी बल्लेबाज नमन ओझा ने 68 रनों की बेमिसाल पारी खेली जबकि ग्रीम स्मिथ ने मात्र 44 गेंदों पर 77 रन बनाए।
स्मिथ और नमन ने पहले विकेट के लिए ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 14.5 ओवर में 135 रन जोड़े। ओझा ने 51 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और पांच छक्के लगाए।
इसके अलावा विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह पाने वाले युवा बल्लेबाज रवींद्र जडेजा ने भी 12 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 33 रनों की तेज पारी खेली। ली कार्सेलडाइन 16 रन बनाकर नाबाद लौटे।
अपनी तूफानी शैली के लिए मशहूर यूसुफ पठान (12) ने एक चौके और एक छक्के की मदद से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने की कोशिश की लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक सके।
दोनों टीमों के बीच यह दूसरा और आईपीएल के दूसरे संस्करण का 30वां मुकाबला है। इससे पहले 26 अप्रैल को केपटाउन में खेले गए मैच में पंजाब की टीम ने वार्न की टीम को 27 रनों से पराजित किया था।
अंकों के लिहाज से पंजाब की टीम चार जीत और तीन हार के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि राजस्थान की टीम सात अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। राजस्थान के हिस्से में सात मैचों में तीन जीत और तीन हार आई है। उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बदले उसे एक अंक मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।