अप्रैल में इंग्लैंड टीम की कमान संभालने वाले फ्लावर ने ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' से बातचीत के दौरान कहा कि पीटरसन ने अगर अच्छा प्रदर्शन किया तो उनकी टीम एक बार फिर एशेज में गौरवशाली प्रदर्शन करने में सफल रहेगी।
फ्लावर ने कहा, "मैं मानता हूं कि पीटरसन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सबसे महत्वपूर्ण शख्स हैं। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया तो इस साल इंग्लैंड की टीम आस्ट्रेलिया को हराकर एक बार फिर एशेज श्रृंखला पर कब्जा कर सकती है।"
फ्लावर ने यह भी कहा कि कप्तानी से हटाए जाने के बाद टीम के प्रति पीटरसन की प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा, "बतौर कार्यकारी कोच मैंने महसूस किया है कि पीटरसन पहले की ही तरह प्रतिबद्ध होकर टीम के लिए खेलते हैं। कप्तानी छीने जाने का उन्हें बेशक गम होगा लेकिन उन्होंने इसे अपने खेल पर कभी भी हावी नहीं होने दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।