खेल वेबसाइट 'स्पोर्ट्स 24 डॉट को डॉट जेडए' के मुताबिक कोलकाता नाइट राइर्ड्स टीम के कोच जान बुकानन द्वारा टीमों में विदेशी खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग किए जाने के मुद्दे पर मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि आईपीएल के आयोजन का एक उद्देश्य भारत के उन खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाना है, जिन्हें राष्ट्रीय या प्रथम श्रेणी स्तर पर मौका नहीं मिल पा रहा है।
मोदी ने कहा, "हम विदेशी खिलाड़ियों की संख्या को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं कर सकते। एक टीम में अधिक से अधिक चार विदेशी खिलाड़ी ही रहेंगे। विदेशी खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने से हम उस उद्देश्य से भटक जाएंगे, जिसे ध्यान में रखकर आईपीएल की शुरुआत की गई थी। हमारा मुख्य लक्ष्य भारत के युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बढ़ावा देना है। हमें नहीं भूलना चाहिए कि इस टूर्नामेंट का नाम इंडियन प्रीमियर लीग है, लिहाजा इसमें भारतीय खिलाड़ियों की अधिकता रहनी ही चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि बुकानन ने आईपीएल आयोजन समिति से एक टीम में चार से अधिक खिलाड़ियों को शामिल करने की अपील की थी। बुकानन के अनुसार अगर एक टीम में अधिक से अधिक 10 विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया जाए तो आईपीएल के प्रभाव में वृद्धि होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।