टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए राजस्थान ने 'मैन ऑफ द मैच' अमित सिंह (19/4) और रवींद्र जडेजा (15/3) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स टीम को निर्धारित 20 ओवर में 105 रनों पर समेट दिया।
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 10 रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाने वाली अनिल कुंबले की टीम के सभी बल्लेबाज 106 रनों का लक्ष्य देने के बाद ही पेवेलियन लौट गए।
अमित और जडेजा ने 34 रन खर्च करते हुए सात विकेट अपनी झोली में डाले। रॉयल चैलेंजर्स टीम का आखिरी विकेट अंतिम गेंद पर गिरा। राजस्थान की ओर से मुनाफ पटेल और ली कार्सेलडाइन ने भी एक-एक विकेट लिया।
रॉयल चैलेंर्स की ओर से जैक्स कालिस (10), रोबिन उथप्पा (17), विराट कोहली (15), रे वान डेर मर्वे (15) और विनय कुमार (12) रनों का योगदान दिया। वसीम जाफर (8), राहुल द्रविड़ (0), मार्क बाउचर (6) और प्रवीण कुमार (7) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। कप्तान अनिल कुंबले खाता खोले बगैर नाबाद लौटे।
जवाब में राजस्थान की टीम ने 38 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रनो की नाबाद पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ओझा, ग्रीम स्मिथ (20) तथा यूसुफ पठान (22) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत 15 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
स्मिथ ने अपनी 22 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए जबकि यूसुफ ने 19 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके जड़े। ओझा ने स्मिथ के साथ पहले विकेट के लिए 27, कार्सेलडाइन के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 और यूसुफ के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। जडेजा एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
इस जीत ने राजस्थान की टीम को 11 अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है जबकि रॉयल चैलेंजर्स टीम आठ अंकों के साथ पांचवें स्थान पर ही बनी हुई है।
इस जीत के साथ राजस्थान की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स से 18 अप्रैल को खेले गए पहले मैच में मिली हार का बदला भी चुक्ता कर लिया है। रॉयल चैलेंजर्स ने वह मैच 75 रनों से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*