गौतम गंभीर को रोंची ने हरभजन की गेंद पर कैच कर पेवेलियन लौट आया। उन्होंने 19 रन बनाए। दूसरे सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को डुमिनी की गेंद पर पिनाल शाह ने स्टंप आउट कर पेवेलियन भेजा। उन्होंने 21 रन बनाए। खबर लिखे जाने तक तिलकरत्ने दिलशान 9 और डिविलियर्स 38 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरूआत ही बेहद खराब रही। उसे पहला झटका तब लगा जब उसके सलामी बल्लेबाज एल. रोंची खाता खोले बगैर मैच की दूसरी गेंद पर ही डेविड वार्नर द्वारा रन आउट कर दिए गए जबकि जीन पॉल डुमिनी को तेज गेंदबाज डिर्क नैन्स ने विकेट की पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।
मुंबई इंडियंस टीम इन दो झटकों से उबरी भी नहीं थी कि उसने अपना तीसरा विकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर के रूप में गंवा दिया। अपनी टीम को मुश्किल से उबारने के लिए प्रयासरत तेंदुलकर 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 15 रन बनाने के बाद कार्तिक द्वारा रन आउट कर दिए गए। तेंदुलकर के आउट होने के बाद पिनाल शाह भी 11 रन बनाकर रजत भाटिया की गेंद पर अमित मिश्रा के हाथों कैच हो गए। अभिषेक नायर और ड्वेन ब्रावो ने कुछ देर तक डेयर डेविल्स गेंदबाजों का प्रतिकार किया। नायर 18 रन बनाकर आशीष नेहरा की गेंद पर डिविलियर्स के हाथों कैच होकर पेवेलियन लौट गए। ब्रावो को डिर्क नैन्स ने विकेट के पीछे कार्तिक के हाथों झेलवाकर पेवेलियन भिजवाया। ब्रावो ने 30 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसके बाद हरभजन सिंह (10), अंजिक्य रेहाने (12), आर. राजे (1) और धवल कुलकर्णी (1) रन बनाकर आउट हो गए। लसिथ मलिंगा बगैर खाता खोले नाबाद रहे।
इससे पहले, मुंबई इंडियंस के कप्तान तेंदुलकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुक्रवार को खेला जा रहा यह एकमात्र मुकाबला है।
अब तक दोनों टीमों के बीच दो मैच खेले गए हैं। दोनों ने एक-एक मैच जीते हैं। पहले मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली को 29 रनों से पराजित किया था जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मुंबई को पांच विकेट से हराकर हिसाब बराबर किया था।
आठ टीमों की तालिका में दिल्ली की टीम 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है जबकि मुंबई की टीम लगातार तीन हार के बाद सातवें स्थान पर खिसक गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*