दिल्ली डेयर डेविल्स की ओर से गौतम गंभीर और डेविड वार्नर ने सधी हुई शुरुआत की। दोनों ने क्रमश: 19 और 21 रन बनाए। गंभीर को रोंची ने हरभजन की गेंद पर कैच कर पेवेलियन लौट आया। दूसरे सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को डुमिनी की गेंद पर पिनाल शाह ने स्टंप आउट कर पेवेलियन भेजा। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद तिलकरत्ने दिलशान और एबी डिविलियर्स ने पारी को गति दी। दिलशान तो 17 रन बनाकर लसिथ मलिंगा की गेंद पर जयदेव शाह को कैच दे बैठे। उन्होंने 19 गेंदों पर 17 रन बनाए। दूसरी ओर डिविलियर्स एक छोर पर डटे रहे और एक छक्के तथा 6 चौक्कों की मदद से 38 गेंदों पर 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ दिनेश कार्तिक भी 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरूआत ही बेहद खराब रही। उसे पहला झटका तब लगा जब उसके सलामी बल्लेबाज एल. रोंची खाता खोले बगैर मैच की दूसरी गेंद पर ही डेविड वार्नर द्वारा रन आउट कर दिए गए जबकि जीन पॉल डुमिनी को तेज गेंदबाज डिर्क नैन्स ने विकेट की पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।
मुंबई इंडियंस टीम इन दो झटकों से उबरी भी नहीं थी कि उसने अपना तीसरा विकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर के रूप में गंवा दिया। अपनी टीम को मुश्किल से उबारने के लिए प्रयासरत तेंदुलकर 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 15 रन बनाने के बाद कार्तिक द्वारा रन आउट कर दिए गए। तेंदुलकर के आउट होने के बाद पिनाल शाह भी 11 रन बनाकर रजत भाटिया की गेंद पर अमित मिश्रा के हाथों कैच हो गए। अभिषेक नायर और ड्वेन ब्रावो ने कुछ देर तक डेयर डेविल्स गेंदबाजों का प्रतिकार किया। नायर 18 रन बनाकर आशीष नेहरा की गेंद पर डिविलियर्स के हाथों कैच होकर पेवेलियन लौट गए। ब्रावो को डिर्क नैन्स ने विकेट के पीछे कार्तिक के हाथों झेलवाकर पेवेलियन भिजवाया। ब्रावो ने 30 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसके बाद हरभजन सिंह (10), अंजिक्य रेहाने (12), आर. राजे (1) और धवल कुलकर्णी (1) रन बनाकर आउट हो गए। लसिथ मलिंगा बगैर खाता खोले नाबाद रहे।
इससे पहले, मुंबई इंडियंस के कप्तान तेंदुलकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुक्रवार को खेला गया यह एकमात्र मुकाबला था।
अब तक दोनों टीमों के बीच तीन मैच खेले गए हैं। पहले मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली को 29 रनों से पराजित किया था जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मुंबई को पांच विकेट से हराकर हिसाब बराबर किया था और अब तीसरे मुकाबले में भी उसने मुंबई को हराकर आठ टीमों की तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*