दुबई में गुरुवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 मुकाबले में यूनुस नहीं खेल सके थे। इसके बाद अफवाह फैली कि वह इंग्लैंड में अगले माह होने वाले टी-20 विश्व कप से भी खुद को अलग कर हरफनमौला शाहिद अफरीदी को कप्तानी सौंप सकते हैं। हालांकि उन्होंने इसका खंडन किया है।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक यूनुस का कहना है कि टी-20 विश्व कप के बाद संभवत: वह कोई और टी-20 मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। उन्होंने कहा, "इस बात की ज्यादा उम्मीद है कि अगले महीने होने वाले विश्व कप के बाद मैं किसी और टी-20 विश्व कप में शिरकत न करूं। ऐसा भी संभव है कि मैं इस विश्व कप के बाद टी-20 क्रिकेट ही छोड़ दूं।"
गौरतलब है कि यूनुस ने अब तक खेले कुल 27 टी-20 मैचों में 25.14 की औसत से 528 रन बनाए हैं। इन मैचों में वह सिर्फ एक अर्धशतक लगा सके और उनका स्ट्राइक रेट 119.45 का रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।