किंबर्ले, 9 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण में शनिवार को डेक्कन चार्जर्स के 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने तेज शुरुआत की है।
सलामी बल्लेबाजों साइमंड कैटिच (09) और सन्नी सोहल (30) की आक्रामक पारी की बदौलत टीम ने पांच ओवर की समाप्ति पर 42 रन बना लिए थे।
टीम के कप्तान युवराज सिंह बिना कोई रन बनाए और कुमार संगकारान एक रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले एंड्रयू सायमंड्स की तेज-तर्रार पारी की बदौलत डेक्कन चार्जर्स ने प्रतिद्वंद्वी किंग्स इलेवन पंजाब के सामने जीत के लिए 169 रनों का लक्ष्य रखा। सायमंड्स ने 36 गेंदों पर 60 रन बनाए। उन्होंने 28 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
पारी की सधी शुरुआत करते हुए डेक्कन चार्जर्स की ओर से एडम गिलक्रिस्ट 16 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एस. श्रीसंत ने रोमेश पोवार के हाथों कैच करवाया। इसके बाद हर्शेल गिब्स का विकेट गिरा। वह 13 गेंद 13 रन बनाकर पीयूष चावला की गेंद पर माहेला जयवर्धने को कैच थमा बैठे।
इसके बाद तिरूमल्लतेसी सुमन ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली। उन्हें विल्किन मोटा ने जयवर्धने के हाथों लपकवाया। चौथे विकेट के रूप में ब्रेट ली ने रोहित शर्मा का विकेट लिया। 15 गेंदों पर केवल नौ रन बनाकर शर्मा कुमार संगकारा को कैच थमा बैठे।
जल्दी-जल्दी चार विकेट गंवाने के बाद टीम को दबाव से उबारते हुए सायमंड्स ने शानदारी बल्लेबाजी की। उन्होंने दो चाकों और चार छक्कों की मदद से 60 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे छोर पर वेणुगोपाल राव ने उनका भरपूर साथ दिया। उन्होंने एक चौका और दो छक्के की मदद से 25 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 85 रन जोड़े। वेणुगोपाल पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हो गए।
पंजाब की ओर से श्रीसंत, ब्रेट ली, पीयूष चावला और विल्किन मोटा को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले स्थानीय डी बियर्स डायमंड ओवल मैदान पर किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान युवराज सिंह टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
आठ टीमों की अंकतालिका में डेक्कन अब तक खेले आठ मैचों में 10 अंकों के साथ चौथे और पंजाब नौ मैचों में आठ अंकों के साथ छठे पायदान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।