कोलकाता टीम के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (6) मैच के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर तेज गेंदबाज आशीष नेहरा द्वारा पगबाधा आउट कर दिए गए जबकि उसी ओवर की अंतिम गेंद पर नेहरा ने ब्रैड हॉज (0) को भी चलता किया।
ये दोनों विकेट सात रन के कुल योग पर गिरे। इसके बाद नौ रन के कुल योग पर डिर्क नैन्स ने वान विक (0) को रजत भाटिया के हाथों कैच कराकर कोलकाता की टीम को तीसरा झटका दे दिया।
खबर लिखे जाने तक कोलकाता की टीम ने तीन ओवर के खेल में तीन विकेट के नुकसान पर 15 रन बना लिए थे। सौरव गांगुली पांच रन बनाकर खेल रहे थे जबकि यशपाल सिंह ने एक रन बनाया था।
इससे पहले, दिल्ली डेयर डेविल्स टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम अपना नौवां मैच खेलेगी जबकि कोलकाता की टीम अपने 10वें मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी।
दिल्ली आठ मैचों से 12 अंक जुटाकर आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि कोलकाता की टीम तीन अंकों के साथ सबसे नीचे है।
दिल्ली की टीम ने छह मैच जीते हैं, दो में उसकी हार हुई है। दूसरी ओर, कोलकाता ने नौ में से सात मैच गंवाए हैं जबकि एक में उसकी जीत हुई है। उसका एक मैच बेनतीजा भी रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*