कोलकाता की टीम ने शुरुआती पांच ओवरों में ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। उसका पहला विकेट कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (6) के रूप में गिरा।
मैक्लम मैच के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर तेज गेंदबाज आशीष नेहरा द्वारा पगबाधा आउट कर दिए गए। नेहरा ने उसी ओवर की अंतिम गेंद पर नेहरा ने ब्रैड हॉज (0) को भी चलता किया।
ये दोनों विकेट सात रन के कुल योग पर गिरे। इसके बाद नौ रन के कुल योग पर डिर्क नैन्स ने वान विक (0) को रजत भाटिया के हाथों कैच कराकर कोलकाता की टीम को तीसरा झटका दे दिया।
इसके बाद गांगुली और यशपाल ने संभलकर खेलते हुए 15 ओवर की समाप्ति तक टीम का कुल योग 78 रनों तक पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर यशपाल भी अमित मिश्रा की गेंद पर भाटिया को कैच देकर पेवेलियन लौट गए। उन्होंने बीस गेंदों पर 13 रन बनाए। उनकी जगह आए वृद्धिमान साहा भी बगैर खाता खोले मिश्रा का शिकार बने। इसके बाद आए मोइसेस हेनरिक्स भी दो रन बनाकर चलते बने। उन्हें भी मिश्रा की गेंद पर दिनेश कार्तिक ने स्टंप किया।
गांगुली के रूप में नाइट राइर्ड्स का सातवां विकेट गिरा। उन्होंने 45 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 44 रन बनाए। गांगुली के आउट होने के बाद आगरकर ने मुरली कार्तिक के साथ मिलकर आखिरी तक किला लड़ाया। आगरकर 39 रन बनाकर पारी की अंतिम गेंद पर प्रदीप सांगवान की गेंद पर मिथुन मन्हास के हाथों कैच आउट होकर पेवेलियन लौटे। मुरली कार्तिक 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, दिल्ली डेयर डेविल्स टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम अपना नौवां मैच खेल रही है जबकि कोलकाता की टीम अपने 10वें मुकाबले के लिए मैदान में है।
दिल्ली आठ मैचों से 12 अंक जुटाकर आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि कोलकाता की टीम तीन अंकों के साथ सबसे नीचे है।
दिल्ली की टीम ने छह मैच जीते हैं, दो में उसकी हार हुई है। दूसरी ओर, कोलकाता ने नौ में से सात मैच गंवाए हैं जबकि एक में उसकी जीत हुई है। उसका एक मैच बेनतीजा भी रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*