पहले दौर के मुकाबले में भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया था। विश्व मिश्रित टीम चैंपियनशिप के ग्रुप-2 में स्थान बनाने का लिए प्रयासरत भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए युक्रेन के खिलाफ अपने सभी मैच जीते।
दो दौर के मुकाबलों के बाद भारत को अब तक सिर्फ एक महिला युगल मैच में हार मिली है। भारतीय टीम चार टीमों के ग्रुप में दो जीत के साथ सबसे ऊपर चल रही है। ग्रुप-3ए और ग्रुप-3बी की शीर्ष टीमों को ग्रुप-2 में जगह पाने केलिए प्ले-आफ मैच खेलना होगा।
भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल ने शानदार खेल दिखाते हुए अपने हिस्से का मैच जीता। सायना ने एकल मुकाबले में मारिया डिप्टान को मात्र 22 मिनट में 21-18, 21-9 से हराया।
पुरुषों के युगल वर्ग में रुपेश कुमार और सानावे थॉमस ने विताली कोनोव और दमेंतो जावादस्की को 21-14, 21-6 से हराया। पुरुषों के एकल मुकाबले में भी अरविंद भट्ट शानदार जीत हासिल करने में सफल रहे। अरविंद ने वालेरी अट्राश्चेंकोव को 21-16, 21-11 से हराया।
महिलाओं के युगल वर्ग में अपर्णा बालन और श्रुति कुरियन ने लैरिसा ग्रिगा और एलिना प्रूस को 21-7, 21-14 से मात दी।
इसके अलावा मिश्रित युगल मुकाबलों में भी भारत को जीत मिली। वी. दीजू और ज्वाला गुट्टा ने शानदार खेल दिखाते हुए जावादस्की और मैरिया को 21-15, 22-20 से पटखनी देकर 5-0 से भारत की जीत सुनिश्चित की।
भारत की अगली भिड़ंत स्कॉटलैंड से बुधवार को होनी है। युक्रेन की टीम सोमवार को स्कॉटलैंड को 3-2 से हरा चुकी है। इस लिहाज से तीसरे दौर के मुकाबले में भी भारत की जीत पक्की मानी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।