रॉयल चैलेंजर्स टीम ने अपने सलामी बल्लेबाज जैक्स कालिस और जेसी राइडर सहित तीन विकेट गंवा दिए हैं। कालिस का विकेट 58 रन के कुल योग पर गिरा जबकि राइडर 63 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। मुरली कार्तिक की गेंद पर विकेट के पीछे ब्रेंडन मैक्लम के हाथों लपके जाने से पहले कालिस ने राइडर के साथ 58 रनों की साझेदारी की।
कालिस ने 34 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए । राइडर को अजीत अगरकर ने सौरव गांगुली के हाथों कैच कराया। राइडर ने 20 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए। रोबिन उथप्पा (7) कुछ खास नहीं कर सके। उथप्पा का विकेट 74 रन के कुल योग पर गिरा।
खबर लिखे जाने तक बैंगलोर की टीम ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 119 रन बना लिए थे। रॉस टेलर 19 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर खेल रहे थे। द्रविड़ ने एक चौके की मदद से 11 रन बनाए थे।
इससे पहले, कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (नाबाद 84) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत कोलकाता नाइट राइर्ड्स ने रॉयल चैलेंजर्स के सामने 174 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर चार विकेट पर 173 रन बनाए। मैक्लम ने अपनी 64 गेंदों की पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए।
इसके अलावा डेविड हसी ने भी 43 रनों की पारी खेली। हसी और मैक्लम ने तीसरे विकेट के लिए 70 रनों की बेशकीमती साझेदारी कर न सिर्फ अपनी टीम को मुश्किलों से उबारा बल्कि उसके लिए सम्मानजनक योग का प्लेटफार्म भी तैयार किया।
हसी के पेवेलियन लौटने के बाद एंजेलो मैथ्यूज (16) और वृद्धिमान साहा (नाबाद 10) ने अपनी टीम को मजबूत योग तक पहुंचाने में कप्तान की भरपूर मदद की। एंजेलो ने 13 गेंदों पर दो चौके लगाए। बैंगलोर की ओर से विनय कुमार ने दो विकेट लिए जबकि अनिल कुंबले और बी. अखिल को एक-एक सफलता मिली।
दोनों टीमें अपना 11वां मैच खेल रही हैं। बैंगलोर की टीम ने 10 मैचों में चार मैच जीतकर आठ अंक जुटाए हैं जबकि कोलकाता टीम 10 में से सिर्फ एक मैच ही जीत सकी है। कोलकाता की टीम को आठ मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। आठ टीमों की तालिका में बैंगलोर की टीम सातवें स्थान पर है। कोलकाता की टीम निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए अंतिम स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।