टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (नाबाद 84) और डेविड हसी (43) की शानदार पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर चार विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम ने 19.2 ओवरों में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टेलर रॉयल चैलेंजर्स की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 33 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की नाबाद पारी खेली। जैक्स कालिस ने 32 और जेसी राइडर ने 22 रनों का योगदान दिया। मार्क बाउचर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।
रॉयल चैलेंजर्स ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए थे। उस समय तक उसकी जीत मुश्किल लग रही थी लेकिन टेलर ने एक मुश्किल दिख रहे लक्ष्य को इतना आसान बना दिया कि 'वाइन किंग' विजय माल्या की टीम चार गेंद शेष रहते विजय हासिल करने में सफल रही।
15 ओवर के खेल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स टीम ने अपने सलामी बल्लेबाज जैक्स कालिस और जेसी राइडर सहित तीन विकेट गंवा दिए थे। कालिस का विकेट 58 रन के कुल योग पर गिरा था जबकि राइडर 63 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे थे।
मुरली कार्तिक की गेंद पर विकेट के पीछे ब्रेंडन मैक्लम के हाथों लपके जाने से पहले कालिस ने राइडर के साथ 58 रनों की साझेदारी की। कालिस ने 34 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए । राइडर को अजीत अगरकर ने सौरव गांगुली के हाथों कैच कराया। राइडर ने 20 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए। दोनों ने हालांकि अपनी टीम के लिए अच्छा प्लेटफार्म तैयार किया।
रोबिन उथप्पा (7) कुछ खास नहीं कर सके। उथप्पा का विकेट 74 रन के कुल योग पर गिरा। उथप्पा के जाने के बाद राहुल द्रविड़ (12) ने एक छोर पर टिके रहकर टेलर का साथ देना चाहा लेकिन असंथा मेंडिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। द्रविड़ का विकेट 122 रन पर गिरा था।
इसके बाद टेलर ने बाउचर के साथ ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। खास बात यह है कि दोनों ने अपनी साझेदारी के दौरान मात्र 23 गेंदों का सामना किया।
इससे पहले, मैक्लम की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत कोलकाता नाइट राइर्ड्स ने रॉयल चैलेंजर्स के सामने 174 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर चार विकेट पर 173 रन बनाए। मैक्लम ने अपनी 64 गेंदों की पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए।
इसके अलावा डेविड हसी ने भी 43 रनों की पारी खेली। हसी और मैक्लम ने तीसरे विकेट के लिए 70 रनों की बेशकीमती साझेदारी कर न सिर्फ अपनी टीम को मुश्किलों से उबारा बल्कि उसके लिए सम्मानजनक योग का प्लेटफार्म भी तैयार किया।
हसी के पेवेलियन लौटने के बाद एंजेलो मैथ्यूज (16) और वृद्धिमान साहा (नाबाद 10) ने अपनी टीम को मजबूत योग तक पहुंचाने में कप्तान की भरपूर मदद की। एंजेलो ने 13 गेंदों पर दो चौके लगाए। बैंगलोर की ओर से विनय कुमार ने दो विकेट लिए जबकि अनिल कुंबले और बी. अखिल को एक-एक सफलता मिली।
दोनों टीमों अपना 11वां मैच खेला। बैंगलोर की टीम ने 11 मैचों में पांच मैच जीतकर 10 अंक जुटाए हैं जबकि कोलकाता टीम 11 में से सिर्फ एक मैच ही जीत सकी है। कोलकाता की टीम को नौ मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। आठ टीमों की तालिका में बैंगलोर की टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। कोलकाता की टीम निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए अंतिम स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*