किंग्स इलेवन द्वारा रखे गए 120 रनों के आसान लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने 16.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। मुंबई इंडियंस की ओर से चार ओवर में नौ रन देकर एक विकेट लेने वाले हरभजन सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ड्वेन ब्रावो ने अपनी नाबाद 70 रनों की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया, जबकि सचिन तेंदुलकर ने अपने नाबाद 41 रन चार चौके और एक छक्के की मदद से बनाए। मुंबई इंडियंस के दूसरे सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या 4 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ब्रेट ली की गेंद पर विल्किन मोटा ने कैच किया। उनके स्थान पर आए अंजिक्य रेहाने को भी 1 रन के निजी स्कोर पर पीयूष चावला ने पग बाधाकर पेवेलियन भिजवाया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब ने निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। किंग्स इलेवन की ओर से उसके सलामी बल्लेबाज सन्नी सोहल(43) के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं का सका। करण गोयल 20 और श्रीसंथ 1 रन बनाकर नाबाद रहे ।
किंग्स इलेवन की शुरूआत भी बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच और हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान के विकेट गंवाने के बाद टीम ने सन्नी सोहेल और कुमार संगकारा का भी विकेट खो दिया। सोहेल 23 गेंदों पर शानदार 43 रन बनाकर रन आउट हुए जबकि संगकारा को आठ रनों के निजी स्कोर पर हरभजन सिंह ने बोल्ड किया।
कैटिच को निलेश कुलकर्णी ने खाता भी नहीं खोलने दिया। कैटिच पांच रन के कुल योग पर आउट हुए। कुल योग में अभी 17 रन और जुड़े थे कि ड्वेन ब्रावो ने पठान को रन आउट कर किंग्स इलेवन को एक और तगड़ा झटका दिया। पठान भी शून्य के व्यक्तिगत योग पर पेवेलियन लौटे।
पांचवें विकेट के रूप में विल्किन मोटा आउट हुए। वह सात गेंदों पर चार रन बनाकर जीन पॉल डुमिनी की गेंद पर हरभजन सिंह को कैच थमा बैठे। इसके बाद कप्तान युवराज सिंह ने 18 गेंदों पर 12 रन बनाकर डुमिनी की ही गेंद पर ड्वेन ब्रावो को कैच थमा दिया।
सातवें विकेट के रूप में ल्यूक पोमर्सबैक को अंजिक्य रेहाने ने बोल्ड किया। उन्होंने सात गेंदों पर पांच रन बनाए। पोमर्सबैक (5), ब्रेट ली (8),और पीयूष चावला (0) भी कुछ खास नहीं कर सके।
मुंबई इंडियंस की ओर से डुमिनी ने 2 तथा हरभजन, मलिंगा, कुलकर्णी, और रेहाने ने एक-एक विकेट लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*