इस वर्ष का अपना पहला खिताब हासिल करने के लिए प्रयासरत 13 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता फेडरर ने रोबिन शोल्डरलिंग को 6-1, 7-5 से पराजित किया जबकि मरे ने इटली के साइमन बोलेली 7-6, 6-4 से हराया। शोल्डरलिंग के खिलाफ फेडरर ने अब तक खेले गए सभी 10 मैच जीते हैं।
मरे अगले दौर में गुरुवार को स्पेन के टॉमी रोब्रेडो से भिड़ेंगे। रोब्रेडो ने अमेरिका के मार्डी फिश को 3-6, 7-6, 6-2 से हराकर तीसरे दौर में खेलने का अधिकार हासिल किया।
त्सोंग को वाइल्डकार्ड के जरिए प्रवेश पाने वाले क्रोएशियाई खिलाड़ी इवान जुविकिक के हाथों हार झेलनी पड़ी। जुविकिक ने यह मैच 6-3, 6-2 से जीता।
एक अन्य मुकाबले में स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को भी जीत हासिल करने में सफल रहे। वर्दास्को अपने ही देश के जुआन कार्लोस फरेरो को 6-3, 6-2 से हराकर अंतिम-16 दौर में पहुंचे।
उधर, महिला वर्ग में विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमेरिका की वीनस विलियम्स को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है लेकिन चौथी वरीय सर्बिया की जेलेना जानकोविक तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं।
मंगलवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में वीनस को रूस की युवा खिलाड़ी एलिसा क्लेबेनोवा ने 6-3, 3-6, 7-5 से पराजित किया। वीनस की छोटी बहन और दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सेरेना विलियम्स घुटने में चोट के कारण पहले दौर में ही बाहर हो गई थीं।
दूसरी ओर, जानकोविक ने स्लोवाकिया की डेनिएला हंतुचोवा को सीधे सेटों में 7-5, 6-2 से पराजित किया। इसके अलावा नौवीं वरीय डेनमार्क की केरोलिन वोजनिएस्की भी तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रही हैं।
वोजनिएस्की ने अमेरिका की क्वालीफाईंग खिलाड़ी वारवारा लेपचेंको को 6-3, 6-1 से हराया। एक अन्य मुकाबले में फ्रांस की एमिली मौरेस्मो ने चीन की झेंग जेई को 6-2, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।