भारतीय टीम ने ग्रुप-3 के तीसरे दौर के मुकाबले में बुधवार को स्कॉटलैंड को 5-0 से पराजित किया। भारत ने पहले दौर के मुकाबले में आस्ट्रेलिया को 4-1 से और दूसरे दौर में युक्रेन को 5-0 से पराजित किया था।
विश्व मिश्रित टीम चैंपियनशिप के ग्रुप-2 में स्थान बनाने का लिए प्रयासरत भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने सभी मैच जीते। तीन दौर के मुकाबलों के बाद भारत को अब तक सिर्फ एक महिला युगल मैच में हार मिली है।
भारतीय टीम 2007 में प्ले-ऑफ स्तर तक पहुंची थी लेकिन फ्रांस के हाथों मिली हार के बाद वह एक बार फिर ग्रुप-3 में ही लौट गई थी।
स्कॉटलैंड के खिलाफ हुए मैच की बात करें तो मिश्रित युगल वर्ग में वी. दीजू और ज्वाला गुट्टा की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए एंद्रीव वॉमैन और एम्मा मैसन की जोड़ी को 21-17, 21-12 से हराया।
पुरुषों के एकल वर्ग में अरविंद भट्ट ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की और गार्डन थॉमस को 21-15, 21-16 के अंतर से पटखनी दी।
महिलाओं के एकल वर्ग में सायना नेहवाल ने जीत हासिल करने में थोड़ा वक्त लगाया। सायना ने सुसैन हगेज के खिलाफ 18-21, 21-13, 21-19 से जीत हासिल कर अपनी टीम को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
पुरुषों के युगल वर्ग में शानावे थॉमस और रुपेश कुमार ने बॉमैन और थॉमस बेथेल को 21-18, 25-23 के अंतर से हराकर स्कोर को 4-0 तक पहुंचा दिया।
इसके बाद महिलाओं के युगल वर्ग में अपर्णा बालन और श्रुति कुरियन ने मैसन और जिली कूपर की जोड़ी को आसानी से 21-12, 21-15 से हराकर अपनी टीम को 5-0 से जीत दिला दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।