वॉन की कप्तानी में इंग्लैंड ने 2005 की एशेज श्रृंखला में आस्ट्रेलिया को धूल चटाई थी। उस श्रृंखला में हार्मिसन ने अपनी गेंदों के साथ शानदार प्रदर्शन किया था। इन दोनों खिलाड़ियों को फिलहाल खराब फार्म के कारण टीम से बाहर रखा गया है।
पोंटिंग ने वेबसाइट 'फॉक्स स्पोर्ट्स' से बातचीत के दौरान कहा, "मेरा मानना है कि ईसीबी के चयनकर्ता वॉन और हार्मिसन को एशेज के लिए चुनी जाने वाली टीम में शामिल करने को लेकर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। मेरे लिहाज से वॉन और हार्मिसन के रहते ही इंग्लैंड की टीम 2005 या 2007 जैसी टीम का शक्ल ले पाएगी।"
पोंटिंग ने कहा कि वह इंग्लैंड के बल्लेबाज रवि बोपारा और स्पिनर ग्रीम स्वान के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं। आस्ट्रेलियाई कप्तान के मुताबिक ये दोनों खिलाड़ी एशेज में उनकी टीम के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।
पोंटिंग ने कहा, "बोपारा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच में शतक लगाकर साबित किया है कि उनमें बड़ी पारी खेलने की क्षमता है। जहां तक स्वान की बात है तो मैं मोंटी पनेसर की जगह उन्हें तरजीह दूंगा। मेरी नजर में स्वान एक अच्छे बल्लेबाज भी हैं। हमें इन दोनों खिलाड़ियों के लिए भी रणनीति बनाने की जरूत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।