सानिया-चुआंग की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए स्पेन की एनाबेल मेडिना गैरीग्वेज और वर्जीनिया रुआनो पास्क्वेल को 7-6 (4), 4-6, 10-7 से पराजित किया।
अगले दौर में सानिया-चुआंग का सामना बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका और रूस की एलिना वेसनीना की जोड़ी से होगा। एजारेंका और वेसनीना ने रूस की एला कुर्दयास्वत्सेवा और एकातेरिना माकारोवा को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से हराया।
उधर, क्ले कोर्ट के बादशाह माने जाने वाले विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। पहले दौर में बाई हासिल करने वाले नडाल ने बुधवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में जुर्गेन मेल्जरविथ को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से पराजित किया।
इस जीत के साथ नडाल ने क्ले कोर्ट पर अपनी लगातार 31वीं जीत हासिल की। वर्ष 2005 से अब तक नडाल ने 152 मैच खेले हैं, जिसमें से 148 में उनकी जीत हुई है जबकि चार में ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
क्ले कोर्ट पर खेले गए खिताबी मुकाबलों में नडाल का जीत-हार का रिकार्ड 25-1 है। अगले दौर में नडाल का सामना फिलिप कोलश्राइबर से होगा, जिन्होंने 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मैरिन सिलिक को तीन घंटे तक चले मुकाबले के बाद 6-1, 6-7(5), 7-6 (2) से पराजित किया।
चौथी वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने भी शानदार जीत के साथ तीसरे दौर में जगह पक्की कर ली है। जोकोविक ने ऑस्कर हर्नादेज को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
अगले दौर में जोकोविक का सामना इटली के एंड्रिएस सेपी से होगा। सेपी ने दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के सैम क्वेरी को 6-3, 4-6, 6-4 से हराया।
महिला वर्ग में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रूस की दिनारा सफीना ने दूसरे दौर के मुकाबले में चीन की ली ना को 6-3, 7-6 (2) से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
रूस की एक अन्य खिलाड़ी स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को हार का सामना करना पड़ा। कुज्नेत्सोवा को युक्रेन की खिलाड़ी एलोना बोंडारेंको ने 6-3, 6-2 से हराया।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।