टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स ने मैथ्यू हेडन की 60 रनों की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत 19.4 ओवर में 129 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम ने 19.4 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाकर मैच जीत लिया।
रॉयल चैलेंजर्स के लिए विराट कोहली ने 38 रन बनाए जबकि रॉस टेलर ने 50 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रनों का योगदान दिया। प्रवीण कुमार 12 और विनय कुमार छह रन बनाकर नाबाद लौटे। कोहली ने 35 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए।
रॉयल चैलेंजर्स के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने हक में किया। खासतौर पर टेलर की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में एक छोर पर टिके रहकर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
टेलर हालांकि विजयी शॉट नहीं लगा पाए लेकिन उन्होंने कोहली के साथ मिलकर जो आधार तैयार किया था, उसी के बूते प्रवीण और विनय ने नाबाद रहकर अपनी टीम को जीत दिला दी। टेलर और कोहली ने चौथे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इसके अलावा टेलर ने प्रवीण के साथ भी 18 रन जोड़े।
चेन्नई की टीम को अपने 11वें मैच में चौथी हार मिली है जबकि बैंगलोर टीम ने 12वें मैच में छठी जीत हासिल की है। केविन पीटरसन के बाद कप्तानी संभाल रहे कुंबले के नेतृत्व में इस टीम की यह तीसरी जीत है।
यह मैच जीतकर चेन्नई की टीम सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर सकती थी लेकिन अब उसे 16 मई को मुंबई इंडियंस के साथ होने वाले मुकाबले का इंतजार करना होगा।
दूसरी ओर, यह मैच जीतकर बैंगलोर की टीम 12 अंकों के साथ अंतिम चार में पहुंचने वाली टीमों की दौड़ में बनी हुई है। बैंगलोर टीम का अगला मैच 19 मार्च को दिल्ली डेयर डेविल्स के साथ होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।