कोलकाता को छोड़कर बाकी तीनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में शामिल हैं। चेन्नई-मुंबई के बीच आईपीएल का 47वां मैच खेला जाएगा जबकि डेक्कन और कोलकाता की टीमें 48वें मैच में भिड़ेंगी। पहला मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजे से खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच रात आठ बजे से होगा।
तालिका पर नजर डालें तो चेन्नई की टीम ने 11 मैचों में छह जीत और चार हार के साथ 13 अंक जुटाए हैं। यह मैच जीतने की स्थिति में उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा लेकिन मुंबई इंडियंस टीम ने 12 मैचों में सिर्फ पांच जीत हासिल की है। उसके हिस्से छह हार आई है। उसके 11 अंक हैं लेकिन यह मैच जीतकर वह अंतिम चार की दौड़ में बनी रह सकती है।
कोलकाता की टीम ने 11 में से नौ मैच गंवाए हैं। उसे एक जीत नसीब हुई है। उसका सेमीफाइनल में पहुंचना नामुमकिन है। जाहिर तौर पर कोलकाता की टीम अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगी लेकिन 11 मैचों से छह जीत और पांच हार के साथ 12 अंक जुटाने वाली डेक्कन की टीम के लिए यह मैच बेहद अहम होगा।
डेक्कन की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में बने रहने के लिए यह मैच जीतना बहुत जरूरी है। दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ उसे अपने अंतिम मैच में अप्रत्याशित हार मिली थी लेकिन उससे उबरते हुए यह टीम इस मैच को जीतकर दौड़ में बने रहने का माद्दा रखती है।
राजस्थान के खिलाफ मिली हार ने जहां मुंबई का काम खराब किया था वहीं बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स से हारकर चेन्नई की टीम ने भी अपने दो बहुमूल्य अंक गंवाए हैं। इस लिहाज से मुंबई और चेन्नई के बीच एक रोचक भिड़ंत देखने को मिलेगी क्योंकि कोई भी टीम इस मौके को हाथ से नहीं जाने देना चाहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*