युवराज 20 रन बनाने के बाद वेणुगोपाल राव की गेंद पर बोल्ड हुए। उन्होंने 18 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया। उस समय पंजाब टीम का कुल योग 52 रन था।
पंजाब को पहला झटका सन्नी सोहल को रूप में लगा था। सोहल नौ रन बनाकर रुद्र प्रताप सिंह की गेंद पर रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। यह विकेट 12 रन पर गिरा। कुल योग में अभी तीन रन ही जुड़े थे कि ल्यूक पोमर्सबैक भी चलते बने।
पोमर्सबैक को कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने हर्शेल गिब्स की मदद से रन आउट किया। सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच 11 रन बनाकर 26 के कुल योग पर एंड्रयू सायमंड्स की गेंद पर नमन ओझा के हाथों लपके गए।
खबर लिखे जाने तक पंजाब की टीम ने 10 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट के नुकसान पर 55 रन बना लिए थे। कुमार संगकारा नौ रन बनाकर खेल रहे थे जबकि विल्किन मोता ने एक रन बनाए थे।
दोनों टीमों का यह 13वां मैच है। इससे पहले खेले गए 12 मुकाबलों में डेक्कन की टीम ने सात जीत और पांच हार के साथ 14 अंक जुटा लिए हैं। इस लिहाज से उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पंजाब की टीम के लिए यह मैच जीतना अतिआवश्यक है।
पंजाब की टीम ने 12 मैचों में छह जीत और इतनी ही हार के साथ 12 अंक जुटाए हैं और आज के मैच में मिली जीत उसके अंकों की संख्या 14 तक पहुंचा सकती है। इसके बाद वह तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा लेकिन आज ही राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का परिणाम भी उसके लिए काफी मायने रखेगा।
राजस्थान की टीम ने अब तक 13 अंक जुटाए हैं। दिल्ली को हराकर वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी लेकिन उसकी हार की सूरत में पंजाब का काम आसान हो जाएगा। दिल्ली की टीम 11 मैचों में आठ जीत और तीन हार के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दिल्ली और राजस्थान की भिड़ंत ब्लोमफोंटेन में आज रात आठ बजे से होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।