डेक्कन चार्जर्स टीम ने तेज शुरुआत के बाद लगातार दो गेंदों पर अपने कप्तान एडम गिलक्रिस्ट सहित दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद रोहित और गिब्स ने हालात सुधार लिया। गिब्स ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाए थे जबकि रोहित 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से 16 रन बनाकर खेल रहे थे। डेक्कन को जीत के लिए 60 गेंदों पर 70 रन बनाने की जरूरत है।
गिलक्रिस्ट 13 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाने के बाद रोमेश पोवार की गेंद पर कुमार संगकारा के हाथों स्टंप कर दिए गए। उस समय डेक्कन का कुल योग 34 रन था। इसी योग पर पोवार ने टीएस. सुमन को भी चलता किया। सुमन खाता भी नहीं खोल सके।
इससे पहले, विकेटकीपर बल्लेबाज संगकारा (56) की उम्दा बल्लेबाजी के बावजूद किंग्स इलेवन पंजाब टीम डेक्कन चार्जर्स को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं दे पाई। संगकारा को छोड़कर पंजाब का कोई और बल्लेबाज मौके की नजाकत को भांपकर अपने बल्ले की चमक नहीं दिखा सका। नतीजतन टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 134 रन ही बना सकी।
अपनी 43 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाने वाले संगकारा के अलावा कप्तान युवराज सिंह ने 20 और इरफान पठान ने 17 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा सन्नी सोहाल (9), साइमन कैटिच (11), ल्यूक पोमर्सबैक (1) और विल्किन मोता (12) ने निराश किया। डेक्कन चार्जर्स की ओर से तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह ने तीन विकेट लिए जबकि एंड्रयू सायमंड्स, सुमन और वेणुगोपाल राव को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमों का यह 13वां मैच है। इससे पहले खेले गए 12 मुकाबलों में डेक्कन की टीम ने सात जीत और पांच हार के साथ 14 अंक जुटा लिए हैं। इस लिहाज से उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पंजाब की टीम के लिए यह मैच जीतना अतिआवश्यक है।
पंजाब की टीम ने 12 मैचों में छह जीत और इतनी ही हार के साथ 12 अंक जुटाए हैं और आज के मैच में मिली जीत उसके अंकों की संख्या 14 तक पहुंचा सकती है। इसके बाद वह तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा लेकिन आज ही राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का परिणाम भी उसके लिए काफी मायने रखेगा।
राजस्थान की टीम ने अब तक 13 अंक जुटाए हैं। दिल्ली को हराकर वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी लेकिन उसकी हार की सूरत में पंजाब का काम आसान हो जाएगा। दिल्ली की टीम 11 मैचों में आठ जीत और तीन हार के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दिल्ली और राजस्थान की भिड़ंत ब्लोमफोंटेन में आज रात आठ बजे से होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।