आईपीएल : रोमांच की इंतेहां के बाद जीती युवराज की टीम (लीड-8)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने कुमार संगकारा के 56 और कप्तान युवराज सिंह के 20 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 134 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी डेक्कन चार्जर्स की टीम रोहित शर्मा की तूफानी पारी के बावजूद 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी।
एक समय डेक्कन को तीन ओवर में 43 रनों की जरूरत थी। 26 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाने वाले रोहित अपनी टीम को जीत के बेहद करीब ले आए। आखिरी ओवर में डेक्कन की टीम को जीत के लिए 11 रन बनाने की जरूरत थी।
मैच का अंतिम ओवर फेंक रहे इरफान पठान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीसरी और पांचवीं गेंद पर विकेट लेकर डेक्कन को जीत से दूर कर दिया। आखिरी गेंद पर डेक्कन के पुछल्ले बल्लेबाजों को चार रन बनाने थे लेकिन वे सिर्फ दो रन बटोर सके।
पंजाब की ओर से युवराज सिंह, रोमेश पोवार और इरफान पठान ने दो-दो विकेट लिए। इस जीत के साथ पंजाब ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं।
दोनों टीमों का यह 13वां मैच था। इस मैच को गंवाने के साथ डेक्कन की टीम ने सात जीत और छह हार के साथ 14 अंक जुटाए हैं। एक लिहाज से उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है। दूसरी ओर, यह मैच जीतकर पंजाब की टीम ने 13 मैचों में सात जीत और इतनी ही हार के साथ 14 अंक जुटाकर खुद को इस दौड़ में बनाए रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications