बांग्लादेश के समाचार पत्र 'डेली स्टार' ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रवक्ता के हवाले से लिखा है, "बशर ने अपना करार खत्म करने के संबंध में आईसीएल प्रबंधन को पत्र लिख दिया है। बशर ने रविवार को हमें इसकी जानकारी दी।"
बशर उन 14 खिलाड़ियों के अगुआ रहे हैं, जिन्होंने बीसीबी के रवैये से नाराज होकर पिछले साल आईसीएल का दामन थामा था। बांग्लादेश के खिलाड़ियों से तैयार बांग्लादेश वारियर्स टीम ने आईसीएल के पिछले संस्करण में हिस्सा भी लिया था। बशर इस टीम के कप्तान थे।
अपने खिलाड़ियों के अचानक आईसीएल से जुड़ने के फैसले से नाराज बीसीबी ने उन पर तत्काल प्रभाव से 10 साल का प्रतिबंध लगा दिया था। बीसीबी ने पिछले महीने बागी खिलाड़ियों से कहा था कि अगर वे आईसीएल से नाता तोड़ लेंगे तो उन पर लगा प्रतिबंध हटा लिया जाएगा।
बीसीबी ने हालांकि यह भी साफ कर दिया था कि आईसीएल से नाता तोड़ने के बावजूद इन खिलाड़ियों को इस साल राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिल सकती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।