कराची, 18 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अगले हफ्ते लाहौर में होने वाले अभ्यास मैचों में शामिल नहीं हो सके तो उन्हें जून में इंग्लैंड में खेले जाने वाले ट्वेंटी-20 विश्व के लिए चुनी गई टीम से हटा दिया जाएगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक सूत्र ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि अख्तर को टीम में जगह पाने के लिए 20 से 22 मई तक पैट्रन्स इलेवन और चेयरमैंस इलेवन के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों में हिस्सा लेना होगा। ये मैच खिलाड़ियों की फिटनेस और फार्म का जायजा लेने के लिए आयोजित किए गए हैं।
अख्तर को इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है लेकिन हाल ही में पंजाब प्रांत के पर्यटन स्थल भुरबन में आयोजित विशेष शिविर में हिस्सा नहीं लेने के कारण उनकी शारीरिक क्षमता को लेकर सवाल खड़े किए जाने लगे हैं। अख्तर ने त्वचा संबंधी बीमारी के कारण शिविर में हिस्सा नहीं लिया था।
अख्तर को पीसीबी के चिकित्सक ने शिविर में जाने से मना किया था लेकिन उन्होंने अपनी इस बीमारी का इलाज पीसीबी चिकित्सक के बजाय किसी प्राइवेट चिकित्सक से कराना बेहतर समझा। इसे लेकर पीसीबी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।