सेंचूरियन, 18 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण के तहत सोमवार को खेले जा रहे 51वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए पहले 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 83 रन बना लिए।
चेन्नई की तरफ से पार्थिव पटेल और जार्ज बेले ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने संभलकर खेलते हुए पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। पटेल के रूप में चेन्नई का पहला विकेट गिरा। 19 गेंदों में 25 रन बनाकर वह आउट हुए। मैच के 10 वें ओवर में बेले भी चलते बने। वह भी रन आउट हुए। बेले ने 26 गेंदों में 30 रन बनाए। उन्होंने चार चौके जड़े।
खबर लिखे जाने तक सुरेश रैना 14 और कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी एक रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले चेन्नई के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने अपनी टीम में एक बदलाव किया। विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हैडेन को आज के मैच में आराम दिया गया है। उनकी जगह जार्ज बेले को टीम में शामिल किया गया है।
कोलकाता ने अपनी टीम में कुछ खिलाड़ियों को बदला है। अशोक डिडा, अजंता मेंडिस, लक्ष्मी रतन शुक्ला और अनुरीत सिंह की टीम में वापसी हुई है।
चेन्नई की टीम ने पहले ही सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है कि जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। वह श्रृंखला में सबसे निचले पायदान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।