नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण मुश्किल में पड़ी राजस्थान की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक नौ विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। राजस्थान की ओर से सलामी बल्लेबाज नमन ओझा ने सर्वाधिक 22 रन बनाए जबकि कप्तान शेन वार्न ने काफी संघर्ष करते हुए 18 और रवींद्र जडेजा तथा नीरज पटेल ने 14-14 रनों का योगदान दिया।
कोलकाता की टीम ने एक इकाई के तौर पर खेलते हुए शुरुआत से राजस्थान पर दबाव बनाए रखा। गेंदबाजों ने जहां अहम मुकाम पर अपनी टीम को सफलता दिलाई वहीं क्षेत्ररक्षकों ने भी यूसुफ पठान समेत तीन बल्लेबाजों को रन आउट कर अपनी टीम का काम आसान किया।
राजस्थान की यूसुफ से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह नौ रन बनाकर रन आउट हो गए। उस समय विकेट पर उनके साथ रवीेंद्र जडेजा थे। कप्तान वार्न को जडेजा से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह सुभोजीत सरकार की एक कमजोर गेंद पर बोल्ड हो गए।
पूरे मैच के दौरान राजस्थान के लिए सबसे सुखद: स्थिति पहले ओवर में थी जब ओझा ने ब्रैड हॉज के पांच गेंदों पर तीन छक्कों समेत 21 रन बटोरे थे। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद के साथ ही राजस्थान की मुश्किलें शुरू हो गईं और अंत तक समाप्त नहीं हुईं।
दोनों टीमों का यह 14वां मैच है। राजस्थान की टीम ने 13 मैचों से छह जीत, छह हार और एक बेनतीजा मैच की मदद से 13 अंक जुटाए हैं जबकि कोलकाता की टीम इतने ही मैचों से पांच अंक जुटा सकी है।
कोलकाता की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है लेकिन यह मैच जीतकर राजस्थान की टीम अंतिम चार में जगह बना सकती है। कोलकाता की टीम ने दो मैच जीते हैं जबकि 10 में उसे हार मिली है। उसका एक मैच बेनतीजा भी रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*