तमिलनाडु फुटबाल संघ इस साल अपनी हीरक जयंती मना रहा है और यही कारण है कि उसे संतोष ट्रॉफी के आयोजन का मौका दिया गया है।
पिछले संस्करण की चार शीर्ष टीमों-पंजाब, सर्विसेज (उपविजेता), बंगाल और कर्नाटक (सेमीफाइनल में खेलने वाली टीम) को इस साल सीधे क्वार्टर फाइनल लीग में दिया गया है, जो 2 जून से शुरू हो रहा है।
बाकी बची 27 टीमों को आठ वर्गो में विभाजित किया गया है। उन टीमों को प्राथमिक लीग में खेलना होगा, जो 24 से 29 मई तक होगा। इसका आयोजन कोयंबटूर (पहले व दूसरे वर्ग), त्रिचनापल्ली (तीसरे व चौथे वर्ग), तिरुवल्लूर (पांचवें और छठे वर्ग) और चेन्नई (सातवें और आठवें वर्ग) में होना है।
आठ वर्गो की विजेता टीमों को 31 मई से होने वाली प्री-क्वार्टर फाइनल में खेलना होगा। इस दौर की विजेता चार टीमें शीर्ष चार टीमों के साथ क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भिड़ेंगी।
क्वार्टर फाइनल लीग 2 से 7 जून तक होगा जबकि सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 जून को होंगे। फाइनल 14 जून को खेला जाना है। इन मैचों की सीधा प्रसारण जी टीवी पर किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।