दिन के पहले और टूर्नामेंट के 55वें मुकाबले में जहां मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयर डेविल्स की भिड़ंत होगी वहीं दिन के दूसरे और टूर्नामेंट के 56वें मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।
दिल्ली की टीम अंतिम चार में जगह बना चुकी है। मुंबई की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है लेकिन डेक्कन और बैंगलोर के लिए यह 'करो या मरो' जैसा मैच होगा।
आंकड़ों पर नजर डालें तो डेक्कन चार्जर्स टीम ने 14 अंक जुटाए हैं जबकि बैंगलोर ने भी इतने ही अंक जुटा लिए हैं। मुंबई की टीम के सिर्फ 11 अंक हैं। इस लिहाज से उसका सेमीफाइनल में पहुंच पाना नामुमकिन है। दिल्ली की टीम 18 अंकों के साथ तालिका में सबसे ऊपर है।
यह मैच जीतकर डेक्कन और बैंगलोर की टीमें तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचना चाहेंगी लेकिन दिल्ली को हराने की सूरत में भी मुंबई के लिए आशा की कोई किरण नहीं जगेगी। सचिन तेंदुलकर की टीम का 'पैकअप' हो चुका है। अब वह अपनी प्रतिष्ठा के लिए खेलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।