वेबसाइट 'फॉक्स स्पोर्ट्स' के मुताबिक काउंटी क्रिकेट में चार सप्ताह के दौरान मिडिलसेक्स टीम के लिए चार शतक लगाने वाले 20 साल के ह्यूज शुक्रवार को स्वदेश लौटे। ह्यूज ने इससे पहले कभी इंग्लैंड में नहीं खेला था और इसी लिहाज से उनका काउंटी का सक्षिप्त सत्र उनकी टीम के लिए काफी फायदेमंद रहेगा।
ह्यूज ने कहा, "काउंटी खेलने का फायदा मुझे निश्चित तौर पर मिलेगा। इस संक्षिप्त सत्र ने मेरे अंदर आत्मविश्वास का संचार किया है। मुझे उन स्थानों पर खेलने का विशेष फायदा मिलेगा, जहां एशेज के दौरान टेस्ट मैच खेले जाने हैं।"
ह्यूज ने कहा कि उनकी तैयारी बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा, "मेरी तैयारी बहुत अच्छी है। लॉर्ड्स, एजबेस्टन और ओवल में खेलने का फायदा मुझे एशेज के दौरान मिलेगा क्योंकि पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के तीन मैच इन्हीं मैदानों पर खेले जाने हैं।"
ह्यूज ने हालांकि यह मानने से इंकार किया कि काउंटी में खेलने के कारण इंग्लैंड के गेंदबाजों को उनकी कमजोरियों को जानने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा, "मैं विकेट पर ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहता था। मैंने ऐसा किया भी। इसलिए यह कहना गलत होगा कि इंग्लैंड के गेंदबाज मेरी किसी कमजोरी को उजागर करने में सफल रहे होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।