पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के मुताबिक आईसीसी ने पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आस्ट्रेलिया के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान अंपायरों और मैच रेफरी द्वारा अजमल के एक्शन को संदिग्ध करार देने के फैसले को नकार दिया।
पत्र ने आईसीसी की विज्ञप्ति के हवाले से लिखा है, "अजमल का एक्शन सही पाया गया है। इस फैसले के साथ अजमल पर लगा प्रतिबंध खत्म किया जाता है। अब वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए स्वतंत्र हैं।"
अजमल को पांच जून से इंग्लैंड में खेले जाने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तानी टीम में शामिल किया गया है। आईसीसी से खेलने की छूट मिलने के बावजूद अजमल विश्व कप के दौरान कई अन्य अंपायरों के निशाने पर रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।