नडाल ने सोमवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में ब्राजील के क्वालीफाईंग खिलाड़ी मार्कोस डेनिएल को सीधे सेटों में 7-5, 6-4, 6-3 से हराकर फ्रेंच ओपन में अपनी लगातार 29वीं जीत दर्ज की।
इसी के साथ नडाल ने महिला खिलाड़ी क्रिस एवर्ट के पेरिस में सर्वाधिक लगातार जीत दर्ज करने के रिकार्ड की बराबरी कर ली। एवर्ट ने 1974 से 1981 के बीच इस स्थान पर बिना हारे कुल 29 मैच जीते थे।
पुरुष वर्ग में रूस के निकोली डेवीडेंको और मिखाइल यूझेनी भी जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। डेवीडेंको ने पहले दौर के मुकाबले में जहां आस्ट्रिया के स्टीफान कुबेक को 6-2, 6-1, 6-4 से हराया वहीं यूझेनी लैकजमबर्ग के जाइल्स मुलर को 7-6 (7-2), 6-1, 6-4 से हराने में सफल रहे।
उधर, महिला वर्ग में सर्वोच्च वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी दिनारा सफीना आसान जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं। सफीना ने पहले दौर में ब्रिटेन की एनी कियोथावोंग को 6-0, 6-0 से पराजित किया।
अमेरिका की वीनस विलियम्स भी दूसरे दौर में प्रवेश पाने में सफल रहीं। वीनस ने अपने ही देश की बेथाने माटेक को 6-1, 4-6, 6-2 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। इसके अलावा चीन की झेंग जेई ने स्टेफानी कोहेन ओलोरो को 6-1, 6-3 से हराया।
सोमवार को युगल मुकाबलों के ड्रा निकाले गए। भारत के दिग्गज टेनिस स्टार लिएंडर पेस तथा चेक गणराज्य के उनके जोड़ीदार लुकास डुल्ही और भारत के एक अन्य युगल विशेषज्ञ महेश भूपति तथा उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स युगल मुकाबलों के पहले दौर में स्थानीय जोड़ीदारों से भिड़ेंगे।
पेस-डुल्ही को इस टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता मिली है जबकि भूपति-नोल्स चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी के तौर पर अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
पहले दौर में पेस-डुल्ही का सामना जहां फ्रांस के सबास्टियन डी चाउनाक और बेनोत पेयरे की जोड़ी से होगा वहीं भूपति-नोल्स की भिड़ंत फ्रांस के जो विल्फ्रेड त्सोंग और जोसेलिन आउना से होगी।
त्सोंग ने जूलियन बेनेतेउ के साथ खेलते हुए भूपति-नोल्स को मियामी ओपन के पहले दौर में हराया था।
महिला वर्ग में सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार ताइवान की चिया जुंग चुआंग का पहले दौर में तुर्की की इपेक सेनोग्लू और बेल्जियम की यानिया विकमेयर से होगा। सानिया-चुआंग को 14वीं वरीयता दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।