मंगलवार को लखनऊ पहुंचे रुद्र ने हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि पिछले बार की तरह भारतीय टीम इस बार भी ट्वेंटी-20 विश्व कप पर अपना कब्जा जमाएगी।
आईपीएल में 23 विकेट अपने नाम करने वाले रुद्र ने यह भी कहा कि भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं और इंग्लैंड में धूम मचाने के लिए तैयार हैं।
आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स को फाइनल में पहुंचाकर जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले रुद्र ने कहा कि इस जीत में कप्तान और कोच का सबसे अहम रोल रहा है। उन्होंने कहा," एडम गिलक्रिस्ट बहुत ही बेहतरीन कप्तान हैं। वह मुश्किल समय में टीम के खिलाड़ियों का हौसला कम नहीं होने देते हैं।"
रुद्र ने कहा कि आईपीएल के दूसरे संस्करण सबसे ज्यादा विकेट लेकर 'पर्पल कैप' पाना उनकी खुशकिस्मती है। रुद्र ने कहा, "इसके लिए मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं।"
शादी करने के सवाल पर चुटकी लेते हुए रुद्र ने कहा कि शादी के लिए तो वह जी-तोड़ से कोशिश कर रहे हैं और जल्द ही इस बारे में अच्छी खबर सुनने को मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।