कराची, 26 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले संस्करण के दौरान डेक्कन चार्जर्स टीम के सदस्य रहे पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने कहा है कि एडम गिलक्रिस्ट की शानदार कप्तानी के कारण ही डेक्कन को खिताबी जीत मिली है।
अफरीदी ने आईपीएल के पहले संस्करण के बाद डेक्कन टीम का कप्तान को बदलने की बात करके विवाद खड़ा कर दिया था। पहले संस्करण में डेक्कन की टीम आठवें स्थान पर रही थी। आफरीदी ने फ्रेंचाइजी मालिकों से कहा था कि वे वी.वी.एस. लक्ष्मण को हटाकर गिलक्रिस्ट को कप्तान नियुक्त करें।
अफरीदी ने कहा, "मेरी लक्ष्मण के साथ कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वह महान बल्लेबाज हैं लेकिन वह ट्वेंटी-20 क्रिकेट में फिट नहीं बैठते हैं। मैंने महसूस किया था कि लक्ष्मण में अच्छे कप्तान के गुण नहीं हैं और यही कारण है कि मैंने गिलक्रिस्ट को कप्तान बनाए जाने की वकालत की थी। मेरी सलाह काम कर गई। अब डेक्कन चैंपियन है। यह एक तरह से मेरी जीत है। यह सब गिलक्रिस्ट के करिश्माई नेतृत्व का कमाल है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।