बुधवार को राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से मुखातिब ईशांत ने कहा कि आठ टीमों की तालिका में सबसे निचले स्थान पर रहने के कारण उनकी टीम के बारे में लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि कप्तान के बदले जाने और कोच की मनमानी के कारण टीम का यह हश्र हुआ है लेकिन यह सब गलत है। इसका मुख्य कारण यह है कि नाइट राइर्ड्स में एकता का अभाव था।
ईशांत ने कहा, "हम अपनी हार के लिए कप्तान ब्रेंडन मैक्लम या फिर कोच जान बुकानन को दोषी नहीं ठहरा सकते। कप्तान या कोच टीम को नहीं जिताते। एक टीम सभी खिलाड़ियों के सम्मिलित प्रयास के कारण जीतती है और इस लिहाज से हम अपनी एकता का प्रदर्शन करने में नाकाम रहे।"
ईशांत ने सौरव गांगुली के स्थान पर मैक्लम को कप्तान नियुक्त करने के टीम प्रबंधन के फैसले को लेकर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया लेकिन उनका कहना था कि दो लोग कभी भी एक जैसी रणनीति के साथ नेतृत्व नहीं कर सकते, इसलिए किसी की क्षमता के बारे में जाने बिना कुछ कहना गलत होगा।
ईशांत ने कहा, "हमारे लिए जरूरी यह था कि हम किसी एक कप्तान के नेतृत्व में एक होकर खेलते। कप्तान चाहें मैक्लम हों या फिर गांगुली, जब टीम में एकता रहती है तो खिलाड़ियों को इससे फर्क नहीं पड़ता। खिलाड़ियों का काम व्यक्तिगत तौर पर अपने प्रदर्शन में चमक दिखानी होती है लेकिन हमारी टीम इस काम में पूरी तरह नाकाम रही।"
दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल के दूसरे संस्करण के दौरान कोलकाता की टीम 14 मैचों से सिर्फ सात अंक जुटा सकी। उसे 10 मैचों में हार मिली जबकि तीन में उसे जीत नसीब हुई। उसका एक मैच बेनजीता भी रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।