पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द नेशन' ने बट्ट के हवाले से लिखा है कि इंडियन क्रिकेट लीग आयोजन समिति से अनापत्ति प्रमाण-पत्र हासिल करने के बाद यूसुफ को टीम में शामिल करने की संभावना काफी बढ़ गई है।
यूसुफ ने हाल ही में इंडियन क्रिकेट लीग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र हासिल करने के बाद पीसीबी के सामने पेश कर दिया है। यूसुफ ने यह भी कहा है कि उन्होंने बागी लीग के साथ अपना करार खत्म कर लिया है।
पत्र ने लिखा है कि पीसीबी ने हालांकि बागी लीग के साथ जुड़ने को लेकर यूसुफ के खिलाफ होने वाली अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं कहा है। पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि इस संबंध में अंतिम फैसला का अधिकार बट्ट के पास है।
पीसीबी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि जो खिलाड़ी 31 मई तक बागी लीग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र हासिल कर लेंगे उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिल सकती है।
पीसीबी ने हालांकि यह भी कहा था कि बागी लीग का साथ देने के कारण खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी, लेकिन इसका निर्धारण व्यक्तिगत मामलों के आधार किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।