ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने आधिकारिक तौर पर फ्लिंटॉफ के ट्वेंटी-20 विश्व कप में नहीं खेल पाने की पुष्टि कर दी है। इसी को देखते हुए फ्लिंटॉफ के स्थानापन्न के तौर पर यॉर्कशायर के लेग स्पिनर आदिल राशिद को 15 सदस्यीय टीम में शामिल कर लिया गया है।
फ्लिंटॉफ को पिछले महीने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से दक्षिण अफ्रीका मे हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण में खेलते हुए चोट लगी थी। विश्व कप और एशेज श्रृंखला में खेलने के लिए फ्लिंटॉफ ने तेजी दिखाते हुए अपने टखने का ऑपरेशन करा लिया था लेकिन अब उनके समय रहते फिट होने की कोई संभावना नहीं है।
इस सत्र में वेस्टइंडीज के साथ खेली गई टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला में नहीं खेल पाने के बाद अब फ्लिंटॉफ का एकमात्र लक्ष्य एशेज श्रृंखला के लिए फिटनेस हासिल करना है। एशेज श्रृंखला 8 जुलाई से कार्डिफ में शुरू हो रही है। ऐसा माना जा रहा है कि फ्लिंटॉफ 17 जून को काउंटी चैंपियनशिप के तहत हैंपशायर के खिलाफ होने वाले मैच में अपनी प्रांतीय टीम लंकाशायर के लिए खेलते दिखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।