आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक काउंटी क्रिकेट में चार सप्ताह के दौरान मिडिलसेक्स टीम के लिए चार शतक लगाने वाले 20 साल के ह्यूज ने स्वदेश लौटने के बाद इंग्लैंड में अपनी टीम की जीत की बात कही। ह्यूज के लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्होंने पहली बार इंग्लैंड में खेलते हुए उन मैदानों में सफलता हासिल की, जहां एशेज के दौरान मैच खेले जाने हैं।
ह्यूज ने कहा, "काउंटी खेलने का फायदा मुझे निश्चित तौर पर मिलेगा। इस संक्षिप्त सत्र ने मेरे अंदर आत्मविश्वास का संचार किया है। मुझे लॉर्ड्स, एजबेस्टन और ओवल में खेलने का फायदा एशेज के दौरान मिलेगा क्योंकि पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के तीन मैच इन्हीं मैदानों पर खेले जाने हैं।"
ह्यूज ने यह मानने से इंकार किया कि काउंटी में खेलने के कारण इंग्लैंड के गेंदबाजों को उनकी कमजोरियों को जानने का मौका मिला है। उन्होंने कहा, "मैं विकेट पर ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहता था। मैंने ऐसा किया भी। इसलिए यह कहना गलत होगा कि इंग्लैंड के गेंदबाज मेरी किसी कमजोरी को उजागर करने में सफल रहे होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।