फेडरर ने जहां दूसरे दौर के मुकाबले में जोस अकासुरो को 7-6, 5-7, 7-6, 6-2 से पराजित किया, वहीं 2002 में यहां खिताब जीतने वाली सेरेना ने वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल को 6-2, 6-0 से हराया। वीनस ने दूसरे दौर के मुकाबले में लूसी साफारोवा पर बड़ी कठिनाई से 6-7, 6-2, 7-5 से जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में रूस की एलिना दिमेंतिएवा भी जीत हासिल करने में सफल रहीं। दिमेंतिएवा ने आस्ट्रेलिया की जेलेना डोकिच को हराया। डोकिच हालांकि कमर में दर्द के कारण मैच पूरा नहीं कर सकीं। खेल रोके जाने तक दिमेंतिएवा 2-6, 3-4 से पीछे चल रही थीं।
उधर, मिश्रित युगल वर्ग में भारत के दिग्गज टेनिस स्टार लिएंडर पेस अपनी महिला जोड़ीदार जिंबाब्वे की कारा ब्लैक के साथ दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।
पेस और ब्लैक की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में वर्जिनिया राजानो और जेफ कोएट्जी की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
अगले दौर में पेस और ब्लैक का सामना डेमिनिका क्लबल्कोवा और फिलिप पोलास्क तथा सिबली बामर और लुकास कुबोट के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
पेस अपने पुरुष जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही के साथ पहले ही युगल मुकाबलों के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। इस साल फ्रेंच ओपन में एक भी भारतीय एकल मुकाबलों में अपनी दावेदारी पेश नहीं कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।